वाराणसी में दालमंडी चौड़ीकरण के दूसरे चरण का कार्य सोमवार से पुनः शुरू हो गया है। कार्तिक पूर्णिमा के बाद नगर निगम की टीम ने चौक थाने के पास स्थित बैरक को तोड़कर कार्रवाई की शुरुआत की। बैरक के साथ-साथ आसपास की दुकानों को भी ध्वस्त किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, जिन दुकानों को मुआवजा दिया जा चुका है, वहां ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया जारी है।
कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। नगर निगम कर्मचारी आनंद कुमार ने बताया कि “सभी प्रभावितों को पूर्व में मुआवजा दिया जा चुका है। अब चौड़ीकरण कार्य में तेजी लाई जा रही है।” वहीं स्थानीय दुकानदारों ने कहा कि “हम विकास कार्य के पक्ष में हैं, लेकिन प्रशासन से यह अपेक्षा है कि विस्थापितों को जल्द पुनर्वास की सुविधा दी जाए।” दालमंडी क्षेत्र में चल रही यह कार्रवाई शहर के सबसे व्यस्त मार्गों को सुगम बनाने के उद्देश्य से की जा रही है।

