वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस कार्यालय में मंगलवार को सेवानिवृत्त हो रहे पुलिसकर्मियों के सम्मान में एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने चार उप निरीक्षकों समेत कुल आठ कर्मचारियों को उनके दीर्घ, उत्कृष्ट एवं समर्पित सेवाकाल के लिए स्मृति चिन्ह और फोटो फ्रेम भेंट कर सम्मानित किया तथा भावभीनी विदाई दी।
सम्मानित होने वालों में उप निरीक्षक जंग बहादुर यादव (ज्ञानवापी सुरक्षा), महेंद्र कुमार सिंह (पुलिस लाइन), अशोक कुमार सिंह (न्यायालय सुरक्षा), शशि कुमार कुँवर (अभिसूचना शाखा), मुख्य आरक्षी प्रद्युम्न प्रसाद (अभिसूचना शाखा), सुमन कुमार सिंह (न्यायालय सुरक्षा), स्वीपर सीता देवी (पुलिस लाइन) तथा अर्दली प्यून उमेश चन्द्र पाण्डेय (पुलिस लाइन) शामिल रहे।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि सभी सेवानिवृत्त कर्मियों ने अपने पूरे सेवाकाल में कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी, अनुशासन और जनसेवा के प्रति समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। उनका योगदान पुलिस विभाग के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेगा।
समारोह के अंत में सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों के स्वस्थ, सुखमय एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
