लखनऊ विकास प्राधिकरण ने इकाना इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम और उससे जुड़ी स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजना की जांच के लिए कार्रवाई तेज कर दी है। एलडीए उपाध्यक्ष के निर्देश पर गठित समिति को 15 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। एलडीए की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, समिति स्टेडियम के संचालन, रखरखाव, सुरक्षा व्यवस्था, आम लोगों को उपलब्ध सुविधाओं और कंसेशन एग्रीमेंट की शर्तों के अनुपालन की जांच करेगी। इसके लिए अधिकारियों को समिति की बैठक जल्द आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
समिति में अभियंत्रण जोन-1 के अधिशासी अभियंता को सदस्य सचिव और संयोजक बनाया गया है। उन्हें निर्देश दिया गया है कि जांच प्रक्रिया शुरू करने के लिए समिति की बैठक का प्रस्ताव निर्धारित समय के भीतर प्रस्तुत किया जाए। एलडीए अधिकारियों के अनुसार, समिति स्टेडियम और उससे संबंधित परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण करेगी। जांच के दौरान यह देखा जाएगा कि रखरखाव, सुरक्षा और अन्य सुविधाएं तय मानकों के अनुरूप संचालित हो रही हैं या नहीं। साथ ही अनुबंध की शर्तों के पालन की भी समीक्षा की जाएगी।
एलडीए उपाध्यक्ष ने समिति को 15 दिनों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। अधिकारियों को इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता पर पूरा करने को कहा गया है।एलडीए की इस पहल को इकाना स्टेडियम परियोजना की व्यवस्थाओं और जवाबदेही की समीक्षा के रूप में देखा जा रहा है, समिति की रिपोर्ट के बाद परियोजना से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।


