मानसून की दस्तक, मौसम का दोहरा वार: कहीं आंधी-बारिश तो कहीं लू का प्रकोप

देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। एक तरफ मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है, तो दूसरी तरफ कई राज्यों में आंधी-बारिश और हीटवेव लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही हैं। पिछले पांच दिनों में मानसून 13 राज्यों तक पहुंच चुका है और सोमवार को तेलंगाना में प्रवेश कर गया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों में मानसून मुंबई में दस्तक दे सकता है। प्री-मानसून गतिविधियों के चलते कई राज्यों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल रही हैं और बारिश हो रही है। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में तेज आंधी के कारण कई जगह पेड़ उखड़ गए। उन्नाव में पेड़ गिरने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि कई गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित रही।

दक्षिण भारत में केरल और कर्नाटक में पिछले चार दिनों से लगातार बारिश जारी है। बेंगलुरु और बेलगावी में भारी बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव हो गया। सड़कों पर भरे पानी में कई वाहन बहते नजर आए, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। वहीं, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ समेत कई राज्यों में भीषण गर्मी का दौर जारी है। राजस्थान का श्रीगंगानगर सोमवार को देश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली में भी तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में मानसून के आगे बढ़ने की संभावना जताई है। साथ ही कई राज्यों में आंधी-बारिश और लू को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।मध्य प्रदेश के 18 जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी जारी की गई है, जबकि पांच जिलों में हीटवेव का अलर्ट है। बिहार के 24 जिलों और उत्तराखंड के आठ जिलों में भी आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में देश के कई हिस्सों में मौसम तेजी से बदल सकता है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।


Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post