औद्योगिक भूमि को फ्री होल्ड करने की मांग, आईआईए ने कहा- जमीन की कमी निवेश में बड़ी बाधा

प्रदेश में औद्योगिक विकास और निवेश को गति देने के लिए इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) ने लीज होल्ड औद्योगिक भूमि को फ्री होल्ड करने की मांग उठाई है। एसोसिएशन ने औद्योगिक क्षेत्रों के आसपास की जमीन पर उद्योगों के लिए आधारभूत सुविधाएं विकसित करने और औद्योगिक भूमि की उपलब्धता बढ़ाने का भी सुझाव दिया। विनायक प्लाजा स्थित कार्यालय में आईआईए के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आरके चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में औद्योगिक विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।

आरके चौधरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बेहतर कानून व्यवस्था और उद्योगपरक एमएसएमई नीतियों के चलते निवेश के लिए सकारात्मक माहौल है, लेकिन औद्योगिक भूमि की कमी तेजी से औद्योगिकीकरण में बड़ी बाधा बनी हुई है। उन्होंने कहा कि लीज होल्ड भूमि को फ्री होल्ड करने से उद्यमियों को कई व्यावहारिक कठिनाइयों से राहत मिलेगी। वर्तमान व्यवस्था में नए उत्पाद का निर्माण शुरू करने, बैंक लिमिट में बदलाव, बैंक परिवर्तन, उद्योग को रक्त संबंधियों के नाम हस्तांतरित करने तथा विलय या विभाजन जैसे कार्यों के लिए यूपीसीडा या उद्योग निदेशालय से अनुमति लेनी पड़ती है। इन जटिल प्रक्रियाओं से उद्यमियों का समय और संसाधन खर्च होते हैं।

आईआईए के राष्ट्रीय महासचिव दीपक बजाज ने कहा कि औद्योगिक भूमि फ्री होल्ड होने से उद्यमियों के समय और संसाधनों की बचत होगी। अप्रयुक्त भूमि नए उद्योगों के लिए उपलब्ध हो सकेगी, जिससे निवेश के अवसर बढ़ेंगे और रोजगार सृजन को गति मिलेगी। राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य राजेश भाटिया ने बताया कि देश के कई राज्यों में औद्योगिक भूमि को फ्री होल्ड करने की नीति लागू है। उन्होंने प्रदेश सरकार से व्यापक नीति बनाकर सभी औद्योगिक क्षेत्रों की लीज होल्ड भूमि को फ्री होल्ड में परिवर्तित करने की मांग की, ताकि मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र में कारोबार करना आसान हो सके।

राष्ट्रीय सचिव अनुपम देवा ने कहा कि उद्योगों से संबंधित विभागीय कार्यों को ऑनलाइन करने की व्यवस्था के बावजूद पोर्टल लंबे समय से सुचारू रूप से काम नहीं कर रहे हैं। इससे उद्यमियों और निर्यातकों की सब्सिडी समेत अन्य प्रक्रियाएं प्रभावित हो रही हैं। वहीं, डिवीजनल अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल ने सुझाव दिया कि औद्योगिक क्षेत्रों के आसपास की जमीन पर आधारभूत सुविधाएं विकसित की जाएं, ताकि नए उद्योगों के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध हो सके।


बैठक में आईआईए वाराणसी चैप्टर को मुख्यालय की ओर से प्रतिष्ठित ‘स्टार चैप्टर अवार्ड’ मिलने की जानकारी भी साझा की गई। वाराणसी चैप्टर के चेयरमैन पंकज अग्रवाल ने इसे सभी सदस्यों के सामूहिक प्रयासों और समर्पण का परिणाम बताते हुए औद्योगिक विकास के लिए मिलकर काम करने का संकल्प जताया।


आईआईए मेंबरशिप ग्रोथ कमेटी के चेयरमैन नीरज पारीख ने नए उद्यमियों को संगठन से जोड़ने का आह्वान किया। डिवीजनल सेक्रेटरी मनीष कटारिया, आईवाईसी अध्यक्ष उमंग गुप्ता और सचिव बृजेश केसरी ने वाराणसी में प्रस्तावित युवा उद्यमी महासम्मेलन की तैयारियों की जानकारी दी। पर्यटन समिति के चेयरमैन राहुल मेहता ने प्रदेश की पर्यटन नीति की सराहना करते हुए कहा कि इससे पर्यटन क्षेत्र में नए निवेश के अवसर बढ़ेंगे।


बैठक में उमाशंकर अग्रवाल, गौरव गुप्ता, अजय जायसवाल, यूआर सिंह, सर्वेश अग्रवाल, ओपी बदलानी, प्रशांत गुप्ता, ज्ञानेश्वर गुप्ता, बीएन दुबे और अनुज डीडवानिया समेत कई उद्यमी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post