वाराणसी में स्कॉर्पियो को टक्कर मारने वाला ट्रक चालक गिरफ्तार, पांच की गई थी जान

वाराणसी के ओवरब्रिज पर हुए सड़क हादसे के मामले में पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में हुए इस हादसे में पांच लोगों की जान चली गई थी। गिरफ्तार आरोपी जाबिद अहमददार (38) जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले का रहने वाला है। पुलिस ने उसे शिवरामपुर चट्टी के पास से पकड़ा, जबकि ट्रक के खलासी इम्तियाज अहमददार (41) को घटना के बाद ही हिरासत में ले लिया गया था।

हादसे के वक्त स्कॉर्पियो में सवार आठ लोग मां विंध्यवासिनी के दर्शन कर मिर्जापुर से वाराणसी लौट रहे थे। प्रयागराज-वाराणसी हाईवे पर रूपापुर ओवरब्रिज के पास गाड़ी रुकने के दौरान कुछ लोग नीचे उतरकर तस्वीरें ले रहे थे। इसी बीच पीछे से आए ट्रक ने स्कॉर्पियो को टक्कर मार दी। टक्कर के कारण वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को स्थानीय लोगों की सहायता से अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस की पूछताछ में चालक ने बताया कि ट्रक में सेब लदे थे और उसे माल लेकर रांची पहुंचना था। तय समय पर सामान पहुंचाने पर अतिरिक्त इनाम मिलने की उम्मीद थी। इसी के चलते वह तेजी से ट्रक चला रहा था। पुलिस अब मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post