त्योहारी सीजन में शहर की सड़कों पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए वाराणसी पुलिस ने यातायात व्यवस्था सुधारने की तैयारी तेज कर दी है। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने मंगलवार को कई प्रमुख इलाकों का दौरा कर सड़क पर लगने वाले जाम और पार्किंग की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान लहरतारा, मंडुवाडीह, बनारस रेलवे स्टेशन, भिखारीपुर, बीएलडब्ल्यू और लंका समेत अन्य क्षेत्रों में व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने पर जोर दिया गया।
पुलिस कमिश्नर ने अधिकारियों को दुकानों और बाजारों के आसपास वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग सुनिश्चित कराने तथा सड़क पर कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा। लोगों को पार्किंग स्थल तक पहुंचने में आसानी हो, इसके लिए संकेतक लगाने और कलर-कोडेड व्यवस्था अपनाने के निर्देश दिए। यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्ती के साथ पुलिस को नियमित गश्त करने और त्योहारों के दौरान भीड़ नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।

