सरकारी ठेकेदार के खाते से रोजाना लाखों पार, 72 ट्रांजेक्शन के बाद भी बैंक ने नहीं दिया अलर्ट, ठेकेदार ने लगाई न्याय की गुहार

वाराणसी में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां सरकारी ठेकेदार पवन के बैंक खाते से 11 दिनों के भीतर 10 लाख 97 हजार 751 रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित के मुताबिक, 28 सितंबर से 11 अक्टूबर के बीच 72 बार UPI के जरिए ट्रांजेक्शन हुआ। हैरानी की बात यह है कि पवन का दावा है कि उन्होंने कभी UPI या ATM का इस्तेमाल नहीं किया। लगातार रकम निकलने के बावजूद बैंक की ओर से कोई अलर्ट या सूचना नहीं मिली। पवन बेसिक शिक्षा विभाग की किताबें स्कूलों तक पहुंचाने का काम करते हैं और पिछले पांच साल से सरकारी टेंडर पर यह जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

मूल रूप से अंबेडकरनगर निवासी पवन ने बताया कि उन्होंने 10 अगस्त 2023 को चोलामंडलम फाइनेंस से 59 महीने के लिए मैजिक वाहन फाइनेंस कराया था, जिसकी किस्त हर महीने 28 तारीख को खाते से कटती है। 15 अक्टूबर को बैंक में खाते का स्टेटमेंट निकलवाने पर उन्हें ठगी का पता चला। उस समय खाते में महज 818.75 रुपये बचे थे। इससे पहले बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय से 1 लाख 91 हजार 712 रुपये की रकम RTGS के जरिए खाते में आई थी। बैंक कर्मचारियों ने UPI से रकम कटने की बात कही, जबकि पीड़ित ने किसी भी ऑनलाइन भुगतान से इनकार किया। उन्होंने 18 अक्टूबर को साइबर क्राइम थाने में शिकायत दी, जिसके बाद 28 अक्टूबर को मुकदमा दर्ज किया गया।

पवन का आरोप है कि शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि साइबर क्राइम कार्यालय पहुंचने पर ऑनलाइन FIR कराने को कहा गया। थाने जाने पर उन्हें प्रधानमंत्री के दौरे का हवाला देकर 26 अक्टूबर के बाद आने को कहा गया। बाद में उनका वीडियो बयान भी दर्ज किया गया। पीड़ित ने सवाल उठाया कि जब वह UPI का इस्तेमाल ही नहीं करते तो खाते से भुगतान कैसे हुआ और एक दिन में कई बार लाखों रुपये निकलने पर बैंक ने उन्हें सूचना क्यों नहीं दी। उन्होंने मामले की जांच कर रकम वापस दिलाने और न्याय की गुहार लगाई है।

Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post