वाराणसी के एपेक्स हॉस्पिटल में इलाज के दौरान सुजीत कुमार पटेल नामक मरीज की मौत के बाद परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। जानकारी के अनुसार, सुजीत कुमार पटेल, निवासी ग्राम नारायण पुर , रमसीपुर, थाना रोहनिया, कुछ दिन पहले गिरने से घायल हो गए थे और उनके हाथ में फ्रैक्चर आ गया था। इलाज के लिए उन्हें एपेक्स हॉस्पिटल, में भर्ती कराया गया। परिजनों का कहना है कि शुरुआत में डॉक्टरों ने मामूली चोट बताकर भर्ती किया, लेकिन बाद में इलाज के नाम पर उनकी स्थिति गंभीर बताई गई और धीरे-धीरे दबाव डालकर लगभग 4.5 लाख रुपये वसूले गए। इसके बावजूद मरीज की हालत में सुधार नहीं हुआ और शुक्रवार की रात उनकी मौत हो गई।मृतक के भाई अजीत कुमार पटेल का आरोप है कि डॉक्टरों और अस्पताल प्रशासन ने इलाज में लापरवाही बरती और अनावश्यक रूप से धन उगाही की।
उन्होंने यह भी कहा कि मौत की जानकारी समय पर परिजनों को नहीं दी गई, जिससे अचानक खबर मिलने पर आक्रोश फैल गया। परिजन जब CCU पहुंचे तो उन्हें सुजीत की मौत की सूचना दी गई, जिसके बाद परिवारजन और ग्रामीण भड़क गए। देखते ही देखते सैकड़ों लोग अस्पताल परिसर में जुट गए और हंगामा शुरू हो गया।स्थिति बिगड़ने पर पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को शांत कराने की कोशिश की। एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने परिजनों को समझाया और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन और संबंधित डॉक्टरों पर 302 का मुकदमा दर्ज करने और मजिस्ट्रियल जांच कराने की मांग की है।मृतक सुजीत कुमार पटेल मिर्जापुर के एक प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक थे। उनकी मौत से पूरे परिवार पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार में पत्नी और एक पाँच वर्षीय बेटी है, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। इस घटना ने न सिर्फ मृतक के परिजनों को बल्कि पूरे इलाके को गहरे आक्रोश और सदमे में डाल दिया है।
Tags
Trending
