नवरात्रि के अवसर पर शहर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के साथ-साथ जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। यह अभियान "मिशन शक्ति" के तहत चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य खासकर महिलाओं को सुरक्षा और हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी देना है।
इस अभियान को सफल बनाने के लिए पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल खुद काशी के कई क्षेत्रों में पहुंचे और वहां लोगों को हाथों से पंपलेट बांटकर जागरूक किया। उनके साथ अपर पुलिस आयुक्त शिवहरि मीणा, डीसीपी गौरव बंसवाल, एडीसीपी सरवणन टी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि नवरात्रि के दौरान शहर के प्रमुख पंडालों पर भारी संख्या में लोग इकट्ठा होते हैं, जहां महिलाएं, बच्चे और परिवारजन पूजा-अर्चना करते हैं।
इस भीड़ में सुरक्षा बनाए रखना चुनौतीपूर्ण है, इसलिए सिपाहियों से लेकर वरिष्ठ अधिकारियों तक शहर में लगातार पेट्रोलिंग कर रहे हैं। साथ ही, पुलिस ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी कर रही है। विशेष सुरक्षा के लिए डॉग स्क्वॉड और एंटी रोमियो स्क्वायड की टीमें भी तैनात हैं, ताकि कोई भी अप्रिय घटना न हो।
मिशन शक्ति के तहत पुलिस महिलाओं को हेल्पलाइन नंबरों जैसे 1930 और 112 की जानकारी दे रही है और बता रही है कि जरूरत पड़ने पर पुलिस किस तरह मदद कर सकती है। साथ ही, उन्हें एंटी रोमियो स्क्वायड के कार्य और उनकी भूमिका के बारे में भी बताया जा रहा है इस तरह पुलिस न केवल श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित कर रही है, बल्कि इस मौके पर लोगों में जागरूकता भी फैलाकर उन्हें सुरक्षित त्योहार मनाने का संदेश दे रही है।


