शिवपुर मिनी स्टेडियम में जगन्नाथ शैली का भव्य पंडाल, श्रद्धालुओं की आस्था का सजीव अनुभव

शारदीय नवरात्रि के मौके पर शिव की नगरी काशी में भक्तों की आस्था और श्रद्धा का अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है। बंगाल की दुर्गापूजा की भव्यता के बाद काशी की दुर्गापूजा भी देशभर में अपनी विशेष छवि रखती है। इस समय काशी “मिनी बंगाल” के रूप में जगमगा रही है, जहाँ हर ओर भक्ति और उल्लास का माहौल है। 

वाराणसी के शिवपुर क्षेत्र में स्थित मिनी स्टेडियम में इस बार खास आकर्षण के रूप में ओड़िशा के जगन्नाथ मंदिर की शैली में एक भव्य पंडाल सजाया गया है। यह पंडाल श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है और देखने के लिए लोग दूर-दूर से यहाँ पहुंच रहे हैं। इस दौरान पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।

पंडाल और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। वरिष्ठ अधिकारियों सहित डीसीपी प्रमोद कुमार ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के तहत पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है और ड्रोन एवं सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। श्रद्धालु सुबह से ही पंडाल में दर्शन, पूजा और भजन-कीर्तन का आनंद ले रहे हैं। 

पूजा के दौरान परिसर में श्रद्धा और भक्ति का वातावरण बना हुआ है। सुरक्षा व्यवस्था और भव्य सजावट के चलते इस आयोजन को काशी में एक यादगार धार्मिक महोत्सव के रूप में देखा जा रहा है। 

Post a Comment

Previous Post Next Post