सलारपुर क्षेत्र स्थित श्री कृष्णा गेस्ट हाउस को लेकर स्थानीय लोगों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि गेस्ट हाउस में सुबह से ही लड़के-लड़कियों का आना-जाना शुरू हो जाता है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय लोगों के अनुसार, इस संबंध में बीते 24 अप्रैल को पुलिस से शिकायत भी की गई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और गेस्ट हाउस से कुछ लोगों को अपने साथ ले गई, लेकिन आरोप है कि कुछ ही घंटों बाद उन्हें छोड़ दिया गया। क्षेत्रवासियों का कहना है कि अगले ही दिन से फिर पहले जैसी स्थिति बन गई।
लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस के संज्ञान में मामला होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि इस तरह की गतिविधियों से मोहल्ले का माहौल खराब हो रहा है और कभी भी कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है।स्थानीय लोगों ने प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से मांग की है कि मामले की गंभीरता से जांच कर गेस्ट हाउस में चल रही कथित अवैध गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाई जाए, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनी रहे।
