नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली के माउंट कैलाश इलाके में अपनी घरेलू सहायिका की हत्या के आरोप में गिरफ्तार त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉक्टर मनीष गुप्ता ने पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। पुलिस के अनुसार, डॉक्टर का दावा है कि घरेलू सहायिका मीना घर में “नेगेटिव एनर्जी” ला रही थी, जिससे परिवार का माहौल खराब हो रहा था और उसके बेटे की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही थी।जांच में सामने आया है कि डॉक्टर पिछले कई वर्षों से मीना को काम से हटाना चाहता था, लेकिन परिवार के अन्य सदस्य इसके पक्ष में नहीं थे। इस बात को लेकर वह लगातार नाराज रहता था। पुलिस के मुताबिक, डॉक्टर को यह भी शक था कि मीना की वजह से घर में अशांति बढ़ रही है।
घटना के दिन मीना रोज की तरह घर पहुंची और काम करने के बाद कपड़े सुखाने के लिए छत पर गई थी। आरोप है कि डॉक्टर उसके पीछे छत पर पहुंचा और पहले क्रिकेट बैट से हमला किया। इसके बाद उसने धारदार हथियार से वार कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने मौके से खून से सना बैट और चाकू बरामद किया है।पुलिस ने आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे की पूरी वजह, डॉक्टर की मानसिक स्थिति और पारिवारिक विवाद समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।


