वाराणसी के बेनियाबाग स्थित हरिजन बस्ती में सोमवार सुबह सफाई कर्मचारी राजन की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। राजन घर के बाहर चारपाई पर सो रहा था, तभी अज्ञात हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। पुलिस के अनुसार उसे दो गोलियां लगीं, जबकि स्थानीय लोगों का कहना है कि उसके शरीर पर पांच गोली लगने के निशान थे।
सुबह परिजनों की नींद खुलने पर राजन खून से लथपथ हालत में मिला। उसके पास कई खोखे भी पड़े थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने बताया कि दो दिन पहले भी कुछ लोगों ने राजन पर हमला करने की कोशिश की थी।राजन हाल ही में मिर्जापुर के नारायणपुर से वाराणसी आया था। वह अपने परिवार में होने वाली सगाई की तैयारियों में व्यस्त था। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हमलावरों की तलाश में जुटी है। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश सहित अन्य पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है।


