वाराणसी। काशी में पहली बार 63वीं सेठ एम.आर. जैपुरिया राष्ट्रीय शतरंज चैंपियनशिप-2026 का आयोजन होने जा रहा है। 29 नवंबर से 9 दिसंबर तक जैपुरिया स्कूल्स के बाबतपुर कैंपस में आयोजित प्रतियोगिता में देशभर के 33 राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों एवं संस्थागत इकाइयों से 500 से अधिक खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। प्रतियोगिता में 22 ग्रैंडमास्टर, 30 इंटरनेशनल मास्टर समेत कई खिताबधारी खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। विजेताओं को कुल 30 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।
प्रतियोगिता का आयोजन उत्तर प्रदेश चेस स्पोर्ट्स एसोसिएशन एवं वाराणसी चेस एसोसिएशन के संयुक्त सहयोग से ऑल इंडिया चेस फेडरेशन के तत्वावधान में किया जा रहा है। पत्रकार वार्ता में संघ के सचिव ए.के. रायजादा एवं आयोजन समिति के अध्यक्ष दीपक कुमार बजाज ने बताया कि प्रतियोगिता से चयनित खिलाड़ी विभिन्न विश्वस्तरीय प्रतियोगिताओं में भारतीय शतरंज दल का प्रतिनिधित्व करेंगे।आयोजन के दौरान शतरंज खिलाड़ियों की मास्टर क्लास, विशेष खेल गतिविधियां और विद्यालय स्तरीय प्रतियोगिताएं भी होंगी। इसमें करीब 50 विद्यालयों के पांच हजार से अधिक छात्र-छात्राओं के शामिल होने की संभावना है। ‘बियॉन्ड द बोर्ड-द ग्रेट माइंड्स इनिशिएटिव’ के तहत सर सी.वी. रमन पर केंद्रित प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी, जिससे विद्यार्थियों को भारतीय वैज्ञानिक विरासत एवं वैज्ञानिक सोच से जोड़ने का प्रयास होगा। आयोजन के लिए नगर के गणमान्य व्यक्तियों एवं अधिकारियों का संरक्षक मंडल गठित किया गया है।

.jpg)