बरेका स्थित ऐतिहासिक सूर्य सरोवर पर सोमवार की सुबह लोक आस्था का महापर्व छठ श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। भोर से ही सरोवर के तट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। व्रती महिलाओं और पुरुषों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और परिवार की सुख-समृद्धि एवं आरोग्यता की कामना की।इस दौरान छठी मैया के पारंपरिक गीतों और जयकारों से पूरा सरोवर परिसर गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने सूप में फल, फूल, ठेकुआ, नारियल सहित पूजन सामग्री सजाकर भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया। इसके साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन हुआ।
छठ पूजा समिति के संरक्षक रामजन्म चौबे ने बताया कि बरेका का सूर्य सरोवर ऐतिहासिक महत्व रखता है और डीएलडब्ल्यू की स्थापना से पहले से अस्तित्व में है। यहां वर्षों से छठ महापर्व की परंपरा निभाई जा रही है। उन्होंने कहा कि छठ पर्व सूर्य, जल और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ ही सामाजिक एकता, स्वच्छता और अनुशासन का संदेश देता है।
इसी क्रम मे दशाश्वमेध घाट सहित गंगा के विभिन्न घाटों पर भोर से ही हजारों व्रती महिलाओं और पुरुषों की भीड़ उमड़ पड़ी। व्रतियों ने गंगा में खड़े होकर भगवान सूर्य को दूध और जल से अर्घ्य अर्पित किया तथा परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और खुशहाली की कामना की।
इस दौरान घाटों पर छठी मैया के पारंपरिक गीतों और जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत के बाद व्रतियों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर पारण किया। छठ पर्व की विशेषता है कि इसमें अस्ताचलगामी और उदीयमान दोनों सूर्य की उपासना की जाती है।
मान्यता है कि छठी मैया की आराधना से परिवार में सुख-शांति, समृद्धि और संतान की रक्षा का आशीर्वाद मिलता है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार त्रेतायुग में भगवान श्रीराम और माता सीता तथा महाभारत काल में कुंती और द्रौपदी ने भी सूर्य उपासना की थी। छठ महापर्व के समापन के साथ ही गंगा घाटों पर आस्था और भक्ति का अद्भुत दृश्य देखने को मिला।
इसी कड़ी में काशी के प्रसिद्ध अस्सी घाट पर सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हो गया। भोर से ही घाट पर व्रती महिलाओं और पुरुषों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने गंगा के पवित्र जल में खड़े होकर विधि-विधान से भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया और परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्यता एवं संतान की दीर्घायु की कामना की।
इस दौरान अस्सी घाट छठी मैया के पारंपरिक गीतों और जयकारों से गूंज उठा। व्रती महिलाओं ने सूप में ठेकुआ, फल, गन्ना, नारियल और अन्य पूजन सामग्री सजाकर सूर्य उपासना की। सूर्य की पहली किरण के साथ 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण किया गया।
इस अवसर पर प्रो. विनय पांडे ने छठ महापर्व की धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह चार दिवसीय पर्व नहाय-खाय से शुरू होकर खरना, संध्या अर्घ्य और प्रातःकालीन अर्घ्य के साथ संपन्न होता है। उन्होंने कहा कि छठ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि प्रकृति, सूर्य और जल के प्रति कृतज्ञता, पारिवारिक एकता, अनुशासन और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। इसकी परंपरा अब देश-विदेश में भी श्रद्धा और उत्साह के साथ निभाई जा रही है।
अंतिम अर्घ्य के बाद व्रती महिलाओं ने प्रसाद वितरित किया। घाट पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ और भक्तिमय माहौल के बीच छठ महापर्व का समापन हुआ।
इसी क्रम मे सारनाथ स्थित सारनाथ शिव मंदिर के कुंड पर सारनाथ छठ पूजा समिति की ओर से छठ महापर्व का आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया गया। इस अवसर पर हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने कुंड पर पहुंचकर उदीयमान सूर्य भगवान को अर्घ्य अर्पित किया और अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना की।
इस दौरान पूरा परिसर छठी मैया के जयकारों और पारंपरिक गीतों से गूंजता रहा। समिति की ओर से श्रद्धालुओं के बीच चाय, दूध, चना और आलू दम का प्रसाद वितरित किया गया। आयोजन के दौरान सुरक्षा एवं व्यवस्था को लेकर प्रशासन भी मुस्तैद रहा।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष ऋषि नारायण, कंचन गुप्ता, मनोहर यादव, विपिन पाण्डेय, अनुराग सिंह, वैभव पाण्डेय, पीयूष पाण्डेय, युवराज मिश्रा, प्रशांत मिश्रा सहित समिति के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

.jpg)