लोक आस्था के महापर्व छठ पर भक्ति में डूबी काशी, अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर व्रती महिलाओं ने की सुख-समृद्धि की कामना, गूंजे छठी मैया के जयकारे

बाबा भोलेनाथ की नगरी काशी में लोक आस्था, अटूट विश्वास और श्रद्धा का महापर्व छठ पूरे उत्साह और भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। चार दिवसीय इस महापर्व के तीसरे दिन व्रती महिलाओं ने पूरी निष्ठा, पवित्रता और कठिन तप के साथ अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। गंगा के पावन घाटों से लेकर तालाबों, सरोवरों, गलियों और घरों की छतों तक छठी मैया की आराधना का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। हर तरफ आस्था का सैलाब उमड़ता नजर आया। सिर पर पूजन सामग्री से सजी दौरी, हाथों में दीप और मन में छठी मैया के प्रति अटूट विश्वास लिए श्रद्धालु अपने-अपने पूजा स्थलों तक पहुंचे।

बीएलडब्ल्यू स्थित सूर्य सरोवर पर छठ महापर्व की छटा देखते ही बन रही थी। यहां बड़ी संख्या में व्रती महिलाएं अपने परिवार के सदस्यों के साथ पहुंचीं। सरोवर के किनारे जगह-जगह आकर्षक वेदियां बनाई गई थीं। महिलाओं ने विधि-विधान से छठी मैया का पूजन किया और भगवान सूर्य की आराधना की। परिवार के सदस्य भी पूरे उत्साह के साथ इस अनुष्ठान में शामिल हुए। कोई पूजा की तैयारी में जुटा था तो कोई दीप जलाकर वेदी सजा रहा था। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर कोई इस पावन पर्व की खुशियों में सहभागी बना।जैसे ही पश्चिम दिशा में सूर्य की लालिमा गहराने लगी, घाटों और सरोवरों पर मौजूद व्रती महिलाएं कमर तक जल में खड़ी होकर भगवान सूर्य की प्रतीक्षा करने लगीं। हाथों में फल, फूल और पूजन सामग्री लिए महिलाओं ने छठी मैया का स्मरण किया। सूर्यदेव के अस्ताचलगामी होने के साथ ही अर्घ्य अर्पित करने का सिलसिला शुरू हो गया। इस दौरान व्रती महिलाओं ने परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु, अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाल जीवन की कामना की। जल में खड़ी महिलाओं के चेहरे पर कठिन तपस्या के साथ ही अटूट श्रद्धा और संतोष का भाव दिखाई दे रहा था।

इस अवसर पर सूर्य सरोवर परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया जिसमें कलाकारों ने एक से बढ़कर एक गीतों के माध्यम से छठी मैया की महिमा का बखान किया।

इसी क्रम में के टीवी के प्रबंध निदेशक पंकज सिंह डब्लू ने भी परिवार संग छठ पर्व उल्लास पूर्वक मनाया। आकर्षक साथ सजावट के बीच घर की व्रती महिलाओं ने विधि विधान से पूजन करते हुए आस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया। और सुख समृद्धि की कामना की गई। इस दौरान पंकज सिंह डब्लू ने सभी को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दी। 

इसी कड़ी में काशी के गंगा घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। कोई सिर पर बांस की दौरी में ठेकुआ, फल, फूल, मिष्ठान, गन्ना और अन्य पूजन सामग्री लेकर पहुंचा तो कोई परिवार के साथ छठी मैया की वेदी सजाने में जुटा रहा। घाटों पर बनाई गई वेदियों को दीपों और पूजन सामग्री से सजाया गया। जैसे-जैसे शाम ढलने लगी, वैसे-वैसे घाटों की रौनक और श्रद्धालुओं की आस्था देखते ही बन रही थी। गंगा की लहरों के बीच दीपों की टिमटिमाती रोशनी और छठी मैया के पारंपरिक गीतों ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया।

दशाश्वमेध घाट पर सजे दीपों की कतारें, गूंजते छठी मैया के जयकारे और वातावरण में घुलते पारंपरिक गीत इस महापर्व की सुंदरता को और खास बना रहे थे। कहीं महिलाएं समूह में छठ गीत गा रही थीं तो कहीं परिवार के सदस्य हाथ जोड़कर सूर्यदेव को नमन कर रहे थे। छठ के पारंपरिक गीतों में मां की ममता, संतान के प्रति स्नेह, परिवार की खुशहाली और लोक जीवन की गहरी आस्था की झलक दिखाई दी। पूरा काशी क्षेत्र भक्तिरस में सराबोर नजर आया।

इसी कड़ी में अस्सी घाट पर छठ पर्व का उल्लास देखने को मिला। छठ महापर्व की सबसे बड़ी विशेषता इसकी कठिन साधना, स्वच्छता और अनुशासन है। चार दिनों तक चलने वाले इस अनुष्ठान में नहाय-खाय, खरना, संध्या अर्घ्य और उषा अर्घ्य के माध्यम से व्रती महिलाएं पूरी श्रद्धा के साथ सूर्यदेव और छठी मैया की उपासना करती हैं। इस दौरान लगभग 36 घंटे तक निर्जला व्रत रखकर कठिन तपस्या की जाती है। विशेष बात यह है कि इस पर्व में डूबते और उगते दोनों सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। अस्त होते सूर्य की उपासना जीवन के हर पड़ाव के प्रति कृतज्ञता का भाव प्रकट करती है, वहीं उगते सूर्य को अर्घ्य देना नई ऊर्जा, आशा और सकारात्मकता का संदेश देता है।


इसी कड़ी में सारंगनाथ तालाब पर भी आस्था और उल्लास के साथ छठ पर्व मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में व्रती महिलाएं अपने परिवार के सदस्यों के साथ तालाब पहुंचीं और विधि-विधान से छठी मैया का पूजन-अर्चन किया। तालाब के आसपास बनी वेदियों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। पूजन के लिए फल, फूल, ठेकुआ, गन्ना, मिष्ठान और अन्य पारंपरिक सामग्री से सजी दौरी लेकर श्रद्धालु पहुंचे।

शाम होते ही तालाब परिसर में भक्तिमय माहौल छा गया। व्रती महिलाएं निर्जला उपवास रखकर तालाब के जल में खड़ी हुईं और अस्ताचलगामी भगवान सूर्य की प्रतीक्षा करने लगीं। जैसे ही सूर्यदेव अस्त होने लगे, श्रद्धालुओं ने पूरी श्रद्धा और निष्ठा के साथ उन्हें अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान छठी मैया के पारंपरिक गीतों और जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा।

काशी में छठ की यह अलौकिक छटा एक बार फिर लोक आस्था की उस शक्ति को दर्शाती नजर आई, जो कठिन से कठिन तपस्या को भी सहज श्रद्धा में बदल देती है। डूबते सूर्य की अंतिम किरणों के साथ जब हजारों हाथ अर्घ्य के लिए उठे तो ऐसा लगा मानो पूरी काशी एक साथ सूर्यदेव और छठी मैया के चरणों में नतमस्तक हो गई हो। दीपों की रोशनी, लोकगीतों की मधुर धुन और श्रद्धालुओं के अटूट विश्वास के बीच काशी की शाम भक्ति, प्रेम और आस्था के नाम रही।



Post a Comment

Previous Post Next Post