स्व. वागीश दत्त मिश्र को समर्पित होगी इस वर्ष की देव दीपावली, 12 सदस्यीय समन्वय समिति कराएगी आयोजन

श्री देव दीपावली आरती महासमिति, वाराणसी की ओर से आयोजित प्रेसवार्ता में आगामी 24 नवंबर 2026 को देव दीपावली महोत्सव को विश्व पटल पर भव्यता के साथ आयोजित करने का आह्वान किया गया। महासमिति के उपाध्यक्ष गंगाधर उपाध्याय एवं संस्थापक पंडित नारायण गुरु ने संयुक्त रूप से बताया कि समिति के दिवंगत अध्यक्ष आचार्य वागीश दत्त मिश्र के आकस्मिक निधन के बाद इस वर्ष आयोजन की जिम्मेदारी 12 सदस्यीय समन्वय समिति को सौंपी गई है। समिति की ओर से काशी के समस्त घाटों, कुंडों और तालाबों पर भव्य दीपोत्सव आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष की देव दीपावली स्व. वागीश दत्त मिश्र को समर्पित रहेगी। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत 'नशामुक्त युवा, विकसित भारत' का संदेश भी दिया जाएगा। समन्वय समिति ने सभी सदस्यों एवं सामाजिक संस्थाओं से अपने-अपने क्षेत्रों के घाटों, कुंडों और तालाबों को भव्य रूप से सजाने तथा दीपदान करने की अपील की है।समिति के संरक्षक आलोक पारीख ने कहा कि स्व. वागीश दत्त मिश्र की परिकल्पना के अनुरूप सभी सामाजिक समितियां पूर्व उत्साह के साथ आयोजन में सहभागिता करें, ताकि इस उत्सव को भव्य स्वरूप दिया जा सके।12 सदस्यीय समन्वय समिति में गंगाधर उपाध्याय, पंडित नारायण गुरु, छेदी लाल वर्मा, बृज किशोर दास महंत, सुशांत मिश्र, बाबू महाराज, बलराम मिश्र, अनुपमा मिश्र, कन्हैया त्रिपाठी, महेश तिवारी, नारायण द्विवेदी एवं पंकज अग्रवाल शामिल हैं। प्रेसवार्ता में यह भी जानकारी दी गई कि आगामी दिनों में समिति की बैठक कर इसका पुनर्गठन एवं विस्तार किया जाएगा।


Post a Comment

Previous Post Next Post