वाराणसी। बाबतपुर स्थित कैगे इंटरनेशनल होटल में प्रेमी युगल की मौत के मामले में चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि युवक विकास ने युवती प्रिया कुमारी (23) के सामने साथ भागकर शादी करने का प्रस्ताव रखा था। उसने प्रिया की मांग में सिंदूर भरने की भी कोशिश की, लेकिन युवती ने इससे इनकार कर दिया। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर विकास ने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी और बाद में खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
जानकारी के मुताबिक, घटना सोमवार की है। विकास ने प्रिया को होटल के कमरे में बुलाया था। बताया जा रहा है कि बाथरूम में पानी भरने के दौरान उसने प्रिया की हत्या की। मामले में फॉरेंसिक टीम ने बाथरूम से साक्ष्य जुटाए हैं। टीम को मौके से बाल्टी और अन्य सामान पर भी अहम साक्ष्य मिले हैं।प्रिया की हत्या के बाद विकास ने उसी कमरे में फंदे से लटककर जान दे दी। घटना की सूचना मिलने पर बड़ागांव पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। कमरे की तलाशी के दौरान पुलिस को सिंदूर, बैग, चाकू, मोबाइल, पहचान पत्र समेत अन्य सामान मिले।मंगलवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए। इसके बाद परिजनों ने देर रात अलग-अलग स्थानों पर दोनों का अंतिम संस्कार कर दिया।

