दशाश्वमेध घाट पर गंगा सेवा निधि द्वारा आयोजित विश्व प्रसिद्ध मां गंगा की दैनिक आरती में प्रसिद्ध अभिनेता अमित सियाल अपने साथी पुनीत सिंह के साथ शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने वैदिक रीति-रिवाज से मां गंगा का पूजन-अर्चन किया और भव्य गंगा आरती का दर्शन कर मंत्रमुग्ध नजर आए।आरती के उपरांत अभिनेता अमित सियाल ने गंगा सेवा निधि के विजिटर बुक में अपने भाव व्यक्त करते हुए लिखा कि, “काशी आकर अद्भुत अनुभूति हुई। मां गंगा की आरती देखकर आत्मिक शांति प्राप्त हुई। आप सभी का धन्यवाद।”
गंगा सेवा निधि की ओर से अध्यक्ष सुशांत मिश्रा, कोषाध्यक्ष आशीष तिवारी, सचिव सुरजीत सिंह एवं सचिव हनुमान यादव ने अभिनेता अमित सियाल का अंगवस्त्र, प्रसाद एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया।अमित सियाल भारतीय फिल्म और वेब सीरीज जगत के चर्चित कलाकारों में शुमार हैं। अभिनेता की उपस्थिति से दशाश्वमेध घाट की गंगा आरती में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के बीच विशेष उत्साह देखने को मिला। काशी की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत से अभिभूत अभिनेता ने मां गंगा के प्रति अपनी गहरी आस्था और श्रद्धा व्यक्त की।


