उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है, जहां कपूर कारोबारी मनीष गुप्ता की कथित तौर पर उसकी पत्नी निहारिका कश्यप ने चाकू मारकर हत्या कर दी। परिवार का आरोप है कि निहारिका का किसी अन्य युवक से प्रेम संबंध था और इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था।घटना 5 जून की बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार, निहारिका फोन पर अपने कथित प्रेमी से बात कर रही थी। इसी दौरान पति मनीष ने उसे टोका, जिसके बाद दोनों में विवाद हुआ और निहारिका ने रसोई से चाकू लाकर मनीष पर कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल मनीष की इलाज के दौरान मौत हो गई।
मामले का सबसे भावुक पहलू यह है कि दंपति के 5 वर्षीय बेटे रेयांश ने पूरी घटना अपनी आंखों से देखी। बच्चे ने पुलिस और परिजनों को बताया कि उसकी मां फोन पर अपने "दोस्त" से बात कर रही थी, पिता ने विरोध किया तो झगड़ा हुआ और मां ने चाकू मार दिया। उसने यह भी बताया कि घायल पिता उसे लेकर पुलिस के पास गए थे, लेकिन बाद में अस्पताल में उनकी मौत हो गई।
मनीष के पिता का आरोप है कि हत्या के पीछे निहारिका के कथित प्रेमी की भी भूमिका हो सकती है। उन्होंने दावा किया कि घटना से पहले फोन पर युवक ने निहारिका से "आज काम तमाम कर दो" जैसी बात कही थी। पुलिस ने निहारिका को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है। साथ ही कथित प्रेमी की भूमिका की भी जांच की जा रही है।


