गंगा के ऊपर गूंजा वायुसेना का शौर्य, राफेल-सुखोई की गर्जना से रोमांचित हुई काशी

भारतीय वायुसेना के 94वें स्थापना वर्ष के अवसर पर गुरुवार को काशी में ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो का भव्य आगाज हुआ। नमो घाट से लेकर गंगा के विभिन्न घाटों तक आसमान में लड़ाकू विमानों की गर्जना, हेलिकॉप्टरों के हैरतअंगेज करतब और तिरंगे की आकृतियों ने लोगों को रोमांचित कर दिया। राफेल, सुखोई, तेजस, मिराज-2000 और जगुआर जैसे लड़ाकू विमानों के प्रदर्शन को देखने के लिए घाटों पर काशीवासियों के साथ दूर-दराज से आए लोगों की भीड़ जुटी। लोगों ने तालियों, ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम’ और ‘जय हिंद’ के उद्घोष से वायुसेना के जांबाजों का अभिवादन किया।

गुरुवार सुबह करीब 11:50 बजे नमो घाट के ऊपर सारंग हेलिकॉप्टरों ने गंगा के आसमान में तिरंगे और दिल की आकृति बनाकर दर्शकों का मन मोह लिया। इसके बाद राफेल और सुखोई ने हवा में कलाबाजियां दिखाईं, जबकि जगुआर, मिराज-2000, तेजस और मिग-29 ने तीर की नोक जैसी संरचना में उड़ान भरकर वायुसेना की ताकत का प्रदर्शन किया। बीएई हॉक एमके-132 के तेज रफ्तार प्रदर्शन ने भी लोगों को रोमांचित किया। तीन हेलिकॉप्टरों से मां गंगा पर पुष्पवर्षा की गई। इस दौरान ‘मां तुझे सलाम’ की धुन के बीच श्रद्धालु इस अद्भुत दृश्य को अपने मोबाइल में कैद करते नजर आए।

एयर शो के दौरान अलकनंदा क्षेत्र के ऊपर दो चिनूक और दो एएलएच मार्क-IV हेलिकॉप्टरों ने विशेष ‘विक्ट्री फॉर्मेशन’ में उड़ान भरी। वहीं, चिनूक हेलिकॉप्टर ने गंगा के पानी के करीब पहुंचकर उड़ान का ऐसा दृश्य प्रस्तुत किया, जिसने दर्शकों का ध्यान खींच लिया। इस आयोजन में कुल 100 विमानों के शामिल होने की जानकारी दी गई, जिनमें 52 लड़ाकू विमान, 32 हेलिकॉप्टर, 15 परिवहन विमान और विंटेज विमान शामिल हैं। विमानों ने देश के विभिन्न एयरपोर्ट से उड़ान भरकर इस प्रदर्शन में हिस्सा लिया।

पहली बार इस स्तर के एयर शो को देखकर काशीवासी खासे उत्साहित नजर आए। गंगा के ऊपर भारतीय वायुसेना के कौशल और साहस का प्रदर्शन देखकर लोगों ने जवानों के प्रति गर्व जताया। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन, पुलिस, नागरिक सुरक्षा संगठन, स्वास्थ्य विभाग, एनसीसी के बच्चों और एनडीआरएफ के जवानों को तैनात किया गया। सुरक्षा के मद्देनजर गंगा में नावों का संचालन भी बंद रखा गया। नमो घाट को वीआईपी और वीवीआईपी व्यवस्था के तहत आरक्षित रखा गया था।

तीन दिवसीय ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो का आयोजन 22, 24 और 25 अक्टूबर को किया जा रहा है। 25 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। एयर शो को लेकर काशी में उत्साह का माहौल है और गंगा के ऊपर आसमान में वायुसेना का शौर्य लोगों के लिए यादगार अनुभव बन गया।

Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post