वाराणसी के गोदौलिया चौराहे के पास गुरुवार दोपहर तीन मंजिला इमारत में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग ग्राउंड फ्लोर पर स्थित झाड़ू और पेंट की दुकान से शुरू हुई। कुछ ही देर में लपटें ऊपर की मंजिलों तक पहुंच गईं और पहली मंजिल पर ज्वेलरी शॉप समेत दूसरी मंजिल पर चल रहे होटल को भी अपनी चपेट में ले लिया।
आग इतनी तेजी से फैली कि आसमान में धुएं का गुबार छा गया, जिसे करीब तीन किलोमीटर दूर से भी देखा गया। इस दौरान एक युवक पहली मंजिल पर फंस गया था। दमकलकर्मियों ने सीढ़ी की मदद से उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, होटल में फंसे एक व्यक्ति के वीडियो भी सामने आने की जानकारी मिली है। आग से बचने के लिए एक व्यक्ति बगल की इमारत की रेलिंग के सहारे कूद गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। आग बुझाने के लिए दमकल की पांच गाड़ियां लगाई गई हैं और आसपास की सड़कों पर बैरिकेडिंग कर यातायात रोक दिया गया है। फिलहाल आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है। घटनास्थल से काशी विश्वनाथ मंदिर करीब 500 मीटर और नमो घाट लगभग दो किलोमीटर दूर है। आग लगने के कारणों और नुकसान का आकलन आग बुझने के बाद किया जा सकेगा।


