वाराणसी में भारत मिलाप और विधान परिषद चुनाव के कारण जिले के सभी स्कूलों में दो दिन का अवकाश घोषित किया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार, 22 और 23 अक्टूबर को प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक के विद्यालय बंद रहेंगे।
22 अक्टूबर को नाटी इमली में भारत मिलाप के आयोजन के चलते छुट्टी रहेगी। इसके बाद 23 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश विधान परिषद के वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक चुनाव के लिए मतदान कराया जाएगा। इसी वजह से लगातार दूसरे दिन भी स्कूलों में अवकाश रहेगा।
शिक्षा विभाग के निर्देश के अनुसार, छुट्टी परिषदीय, राजकीय, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त विद्यालयों के साथ सीबीएसई, आईसीएसई सहित अन्य बोर्डों के स्कूलों में भी लागू होगी। जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और स्कूल प्रबंधकों को आदेश का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।


