सारनाथ के महाबोधि इंटर कॉलेज मैदान में सारनाथ दुर्गा पूजा समिति की ओर से 35वें वर्ष में विश्व धरोहर चौखंडी स्तूप की तर्ज पर भव्य पंडाल तैयार किया गया है। करीब 40 फीट ऊंचे और 60×45 फीट आकार के इस पंडाल का निर्माण बंगाल से आए 10 कारीगरों ने किया है। इसमें लोहे के ढांचे के साथ लकड़ी और बांस का इस्तेमाल किया गया है।
समिति ने धार्मिक आस्था को स्थानीय विरासत और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने का प्रयास किया है। मां दुर्गा की प्रतिमा गंगा की मिट्टी, पुआल और बांस की खपच्चियों से तैयार की गई है, जिसमें प्राकृतिक रंगों का प्रयोग किया गया है। पंडाल की कलात्मक सजावट श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
सप्तमी के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में जीवन ज्योति नेत्रहीन विद्यालय के बच्चों ने गायन और नृत्य की शानदार प्रस्तुतियां देकर लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष पन्ना लाल यादव, राधेश्याम गिरी, कंचन गुप्ता, अनिल सिंह, शैलेंद्र पांडेय, अभिषेक यादव, अनुराग सिंह, विपिन पांडेय, विवेक पांडेय और योगेश पांडेय सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।


