आगामी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 95वीं बटालियन द्वारा शुक्रवार को सारनाथ में भव्य योग अभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक नगरी सारनाथ में आयोजित इस विशेष शिविर का उद्देश्य जवानों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ आमजन को योग के प्रति जागरूक करना रहा।कार्यक्रम का आयोजन 95वीं बटालियन के कमांडेंट राजेश्वर बालापुरकर के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर पतंजलि योगपीठ के मुख्य योग प्रशिक्षक शैलेश बर्नवाल ने उपस्थित जवानों और अधिकारियों को योग के विभिन्न आसनों एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया तथा उनके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी।
सुबह आयोजित योग सत्र में आयुष मंत्रालय के कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी प्राणायाम के साथ ताड़ासन, वृक्षासन, वज्रासन और शवासन सहित विभिन्न योगासन कराए गए। इसके अलावा मानसिक शांति, एकाग्रता और आत्मबल बढ़ाने के लिए ध्यान साधना भी कराई गई।इस मौके पर कमांडेंट राजेश्वर बालापुरकर ने कहा कि सीआरपीएफ के जवानों को कठिन और तनावपूर्ण परिस्थितियों में देश की सेवा करनी पड़ती है। ऐसे में योग उनके शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के साथ मानसिक तनाव को कम कर सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि सारनाथ जैसी पावन और आध्यात्मिक भूमि पर योगाभ्यास का विशेष महत्व है।
कार्यक्रम में बटालियन के अधिकारियों, जवानों और अन्य कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। योग शिविर के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित योग करने का संदेश भी दिया गया। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस से पूर्व आयोजित इस कार्यक्रम ने जवानों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया।


