शहर के सिरगोवर्धनपुर वार्ड नंबर 23 में अधूरे पड़े सीवर कार्य को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि जनवरी माह में सीवर लाइन डालने के नाम पर जगह-जगह सड़क और गलियां खोद दी गईं, लेकिन कार्य बीच में ही छोड़ दिया गया। कई स्थानों पर प्लास्टिक की पाइप सड़क और गलियों के ऊपर ही पड़ी हुई हैं, जिससे लोगों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही है।
स्थानीय निवासी अमन यादव ने आरोप लगाया कि पार्षद, संबंधित विभाग और ठेकेदार की मिलीभगत से क्षेत्र में लापरवाहीपूर्ण तरीके से कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गांव की कई गलियां खुदी पड़ी हैं और बरसात शुरू होने से पहले यदि काम पूरा नहीं हुआ तो हालात और खराब हो सकते हैं।उन्होंने बताया कि क्षेत्र के कई घरों में शादियां तय हैं, लेकिन टूटी सड़कें और खुले गड्ढों के कारण परिवारों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को बारात और अन्य कार्यक्रमों के आयोजन को लेकर चिंता सता रही है।क्षेत्रवासियों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि अधूरे पड़े सीवर कार्य को जल्द पूरा कराया जाए और खोदे गए गड्ढों को भरवाकर लोगों को राहत दिलाई जाए।

