स्वामी हरसेवानन्द पब्लिक स्कूल में पाँच दिवसीय ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर का शुभारम्भ

स्वामी हरसेवानन्द पब्लिक स्कूल के चुर्क परिसर में पाँच दिवसीय ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर का शुभारम्भ बड़े ही हर्षोल्लास के साथ किया गया। शिविर का उद्घाटन विद्यालय के प्रबंधक बाबा प्रकाशध्यानानन्द ने विद्यालय के प्रेरणास्रोत हरसेवानन्द जी महाराज के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया।शिविर में विद्यार्थियों के बहुमुखी विकास को ध्यान में रखते हुए खेल, योग, ध्यान, प्राणायाम, नृत्य, कला, संगीत, समाचार संयोजन तथा नो फायर कुकिंग जैसी गतिविधियों का आयोजन किया गया। छात्रों को पाँच समूहों में विभाजित कर प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे उनमें रचनात्मकता एवं आत्मविश्वास का विकास हो सके।

शिविर के दौरान विद्यार्थियों को शास्त्रीय एवं लोक संगीत के साथ तबला और गिटार जैसे वाद्य यंत्रों का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। वहीं मीडिया के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए बच्चों को समाचार संकलन, संयोजन एवं संपादन की जानकारी भी दी जा रही है।नो फायर कुकिंग गतिविधि में विद्यार्थियों ने बिना आग का उपयोग किए सलाद, चाट एवं अन्य पौष्टिक व्यंजन बनाना सीखा। इसके अलावा कागज, मिट्टी, घास-फूस और अन्य अनुपयोगी वस्तुओं से उपयोगी सामग्री तैयार करने का प्रशिक्षण देकर बच्चों में सृजनात्मक कौशल विकसित किया जा रहा है।विद्यालय के प्रधानाचार्य ए०के० वर्मा ने कहा कि यह प्रशिक्षण शिविर विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, साहस और प्रतिभा को निखारने का अनूठा माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन एवं समय के सदुपयोग के साथ निरंतर प्रगति की प्रेरणा दी।कार्यक्रम के अवसर पर सुधांशु मोदनवाल, आंचल, सुप्रिया मौर्या, अंकुश गुप्ता, निर्मला यादव, चंचला मिश्रा, आलोक तिवारी, अंकित शुक्ला, शशीराना, शिव प्रसाद एवं अंजना पाण्डेय सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन फरहीन सिद्दीकी ने किया।



Post a Comment

Previous Post Next Post