वाराणसी के आस्था के प्रमुख केंद्र स्वर्वेद महामंदिर ट्रस्ट, उमरहा में करोड़ों रुपये के गबन का मामला सामने आया है। चौबेपुर पुलिस ने ट्रस्ट के सदस्य सुरेंद्र यादव की शिकायत पर ट्रस्ट के अकाउंटेंट विवेक कुमार और उनके भाई अभिषेक कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि दोनों ने श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए चंदे की राशि में हेराफेरी कर करोड़ों रुपये हड़प लिए। जानकारी के अनुसार, विवेक कुमार सितंबर 2019 से ट्रस्ट में अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत थे। उनका कार्य था श्रद्धालुओं से प्राप्त राशि को बैंक में जमा करना।
23 सितंबर 2025 को उन्हें ₹20,000 जमा करने के लिए भेजा गया था, लेकिन बैंक से पुष्टि करने पर यह राशि जमा नहीं होने का पता चला। जांच में यह भी सामने आया कि जमा करने के लिए दिए गए सभी बैंक रसीदें फर्जी थीं और उन पर लगी मुहर तथा हस्ताक्षर नकली थे।जांच में यह खुलासा हुआ कि विवेक कुमार का भाई अभिषेक कुमार, जो HDFC बैंक वाराणसी शाखा में क्रेडिट मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं, इस मामले में शामिल थे। आरोप है कि दोनों भाई मिलकर श्रद्धालुओं की दानराशि का गबन कर रहे थे और बैंक कर्मचारियों को रिश्वत देने की कोशिश भी की। मामले के खुलने के बाद अभिषेक कुमार फरार हो गया और आरोपियों ने मोबाइल फोन फॉर्मेट कर सबूत मिटाने का प्रयास किया। एचडीएफसी बैंक के चीफ मैनेजर वैभव त्रिपाठी ने बताया कि बैंक सर्वर में आरोपियों द्वारा रिश्वत देने के प्रयास का भी प्रमाण मौजूद है। ट्रस्ट ने फर्जी बैंक स्लिप, पत्र और आरोपियों के पहचान पत्र की प्रतियां पुलिस को सौंपी हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और अब तक की जांच में करोड़ों रुपये के गबन की आशंका जताई जा रही है।

