लखनऊ लाठीचार्ज के विरोध में वाराणसी के अधिवक्ताओं का कार्य बहिष्कार, डीएम पोर्टिको पर जोरदार प्रदर्शन

लखनऊ में अधिवक्ताओं पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में सोमवार को वाराणसी के अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। दोनों बार एसोसिएशनों के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य का बहिष्कार करते हुए कचहरी परिसर में प्रदर्शन किया। सैकड़ों की संख्या में अधिवक्ताओं ने नारेबाजी करते हुए डीएम पोर्टिको तक मार्च निकाला और सरकार व प्रशासन के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।संयुक्त बार एसोसिएशन की बैठक सुबह 10 बजे सभागार में आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता दी सेन्ट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेम प्रकाश सिंह गौतम एडवोकेट ने की। संचालन दी बनारस बार एसोसिएशन के महामंत्री सुधांशु मिश्रा एडवोकेट ने किया। बैठक में दी सेन्ट्रल बार एसोसिएशन के महामंत्री आशीष कुमार सिंह एडवोकेट तथा दी बनारस बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद कुमार शुक्ला एडवोकेट सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।

बैठक में अधिवक्ताओं ने लखनऊ में हुए लाठीचार्ज की कड़ी निंदा करते हुए कई प्रस्ताव पारित किए। अधिवक्ताओं ने मांग की कि घायल अधिवक्ताओं का समुचित इलाज कराया जाए और उन्हें आर्थिक सहायता दी जाए। साथ ही जिन अधिवक्ताओं के चैंबर तोड़े गए हैं, उन्हें तत्काल पुनर्निर्मित कर उपलब्ध कराया जाए। अधिवक्ताओं ने घटना के लिए जिम्मेदार पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग भी उठाई।प्रदर्शन के दौरान बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि अधिवक्ताओं का उत्पीड़न किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लेती है तो प्रदेशव्यापी वृहद आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।प्रदर्शन के दौरान कचहरी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई थी। अधिवक्ताओं ने एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए न्यायिक कार्य से दूरी बनाए रखी।




Post a Comment

Previous Post Next Post