अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व संध्या पर शनिवार को नमो घाट पर सीआरपीएफ की 95वीं बटालियन, गोवर्धन पूजा समिति एवं यूनीक एकेडमी स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में भव्य योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जवानों, शिक्षकों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
गोवर्धन पूजा समिति के अध्यक्ष विनोद यादव (गप्पू) एवं सीआरपीएफ के डिप्टी कमांडेंट कृष्णकांत यादव के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में योगाचार्य अभय स्वाभिमानी ने प्रतिभागियों को कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी प्राणायाम के साथ ताड़ासन, वृक्षासन, वज्रासन एवं अन्य योगासनों का अभ्यास कराया।
इस अवसर पर डिप्टी कमांडेंट कृष्णकांत यादव ने कहा कि योग शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक तनाव को दूर कर सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। कार्यक्रम के दौरान गोवर्धन पूजा समिति द्वारा सीआरपीएफ जवानों का अंगवस्त्र पहनाकर सम्मान किया गया, वहीं सीआरपीएफ की ओर से समिति पदाधिकारियों एवं योगाचार्य को स्मृति चिन्ह और अंगवस्त्र भेंट किए गए। योगाभ्यास में शामिल लोगों को टी-शर्ट भी वितरित की गई।कार्यक्रम में पारस यादव (पप्पू) सहित समिति के पदाधिकारी, सीआरपीएफ अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।


