छपरा, बिहार: केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैश्नव ने शुक्रवार को छपरा में बड़ा रेल विकास पैकेज घोषित करते हुए कहा कि आने वाले वर्षों में बिहार की रेल कनेक्टिविटी में ऐतिहासिक बदलाव देखने को मिलेगा। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित बुलेट ट्रेन परियोजना के पूरा होने के बाद दिल्ली से पटना का सफर महज 4 घंटे 45 मिनट में तय किया जा सकेगा। रेल मंत्री ने कहा कि अगले 5 से 8 वर्षों के दौरान बिहार को 200 नई रेलगाड़ियां मिलेंगी, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधा और राज्य की कनेक्टिविटी को नई गति मिलेगी। यह योजना दिल्ली-लखनऊ-वाराणसी-पटना-सिलीगुड़ी बुलेट ट्रेन कॉरिडोर का हिस्सा होगी।
छपरा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वैष्णव ने छपरा-दिल्ली आनंद विहार एक्सप्रेस और मऊ-दिल्ली आनंद विहार एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई। साथ ही दोहरीघाट-औड़िहार ट्रेन सेवा का विस्तार वाराणसी सिटी तक किए जाने की घोषणा की। कार्यक्रम में बिहार के उपमुख्यमंत्री Samrat Choudhary भी मौजूद रहे। रेल मंत्री ने बताया कि बिहार में रेलवे के लिए बजटीय आवंटन पहले करीब 1,000 करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 10,000 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान में राज्य से 11 अमृत भारत और 14 वंदे भारत ट्रेनें संचालित हो रही हैं।
वैष्णव ने दावा किया कि देशभर में लगभग 7,000 किलोमीटर लंबा बुलेट ट्रेन नेटवर्क विकसित करने की योजना है और इसका लाभ बिहार को भी मिलेगा।


