चितईपुर थाना क्षेत्र स्थित ओम साई नगर कॉलोनी में आयोजित चितईपुर प्रीमियर लीग (सीपीएल) का समापन रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ हुआ। फाइनल में दिल्ली कैपिटल ने सनराइजर्स हैदराबाद को हराकर खिताब अपने नाम कर लिया।टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करते हुए दिल्ली कैपिटल ने सनराइजर्स हैदराबाद को 8 ओवर में 61 रन पर रोक दिया। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की टीम ने महज 4 रन पर तीन विकेट गंवा दिए, लेकिन कप्तान हिमांशु ने शानदार 44 रनों की पारी खेलकर टीम को यादगार जीत दिला दी।
एक जून से शुरू हुए इस लगभग एक माह लंबे टूर्नामेंट में क्षेत्र की छह टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के आयोजक शाश्वत सिंह ने बताया कि टूर्नामेंट का उद्देश्य स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच उपलब्ध कराना है। विजेता टीम को 5,000 रुपये नकद पुरस्कार और ट्रॉफी प्रदान की गई, जबकि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया।उन्होंने बताया कि बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों की जानकारी क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारियों तक पहुंचाई जाएगी, ताकि उन्हें भविष्य में बड़े स्तर पर खेलने का अवसर मिल सके। पिछले चार वर्षों से लगातार आयोजित हो रही चितईपुर प्रीमियर लीग क्षेत्र के युवाओं के बीच क्रिकेट को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।


