भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की तरफ से गोदौलिया चौराहे पर 2100 पैकेट मोटा अनाज (श्री अन्न) बांटा गया। उत्तर प्रदेश के आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्र ने ज्वार, बाजरा और मक्का के 500-500 ग्राम का पैकेट लोगों को दिया है। राज्यमंत्री ने कहा कि रोजाना श्री अन्न का उपयोग करेंगे तो निरोग रहेंगे। श्री अन्न पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं।
व्यापार मंडल के प्रदेश वरिष्ठ महामंत्री ज्ञानेश मिश्र की अगुवाई में मोटे अनाज के इस्तेमाल को बढ़ाने की मुहिम चलाई जा रही है। इसी क्रम में गोदौलिया चौराहे पर मोटा अनाज निशुल्क बांटा गया। वरिष्ठ महामंत्री ने कहा कि अब प्रयागराज में मोटा अनाज बांटा जाएगा। यह मुहिम ऐसे ही चलती रहेगी। श्री अन्न के रोजाना उपयोग से स्वस्थ रहा जा सकता है। वाराणसी में 700 पैकेट ज्वार, 700 बाजरा और 700 पैकेट मक्के के आटा का बांटा गया है। इस दौरान प्रमोद अग्रहरि, सनी जौहर, विवेक सिंह, मनीष गुप्ता आदि मौजूद रहे।
