मिर्जापुर के जरगो बांध पर मछली पकड़ने गए 30 वर्षीय प्रदीप की मौत के बाद इलाके में गुरुवार दोपहर भारी बवाल हो गया। आरोप है कि मछली पालन ठेकेदार कृष्णा नंद सिंह पटेल के लोगों ने प्रदीप और उसके साथी को हॉकी से पीटा और प्रदीप को जबरन बांध में फेंक दिया। तैरना न आने के कारण प्रदीप डूब गया, जबकि उसका साथी किसी तरह बच निकला।घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे और गाड़ियों में तोड़फोड़ करने लगे। इमलिया चट्टी चौकी के पास चुनार-अहरौरा मार्ग पर ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। स्थिति संभालने के लिए पुलिस पहुंची, लेकिन भीड़ ने पथराव और लाठीचार्ज में शामिल होकर हंगामा बढ़ा दिया। इस दौरान एक सिपाही अवध नाथ राय घायल हो गए।
हालात काबू में करने के लिए 8 थानों की फोर्स और PAC बुलानी पड़ी। एसपी सोमेन बर्मा, एएसपी और तीन सीओ मौके पर पहुंचे। एसपी ने माइक से ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई व पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद का आश्वासन दिया।मृतक प्रदीप इमलिया चट्टी गांव का रहने वाला था। उसकी पत्नी प्रियंका और दो छोटे बच्चे हैं। प्रदीप के दोस्त विशाल पटेल ने बताया कि उसने ठेकेदार के आदमियों से बार-बार कहा कि प्रदीप को पानी में न धकेलें क्योंकि वह तैर नहीं सकता, लेकिन उसकी एक न सुनी गई।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।
