भारतीय जनता पार्टी काशी क्षेत्र के पिछड़ा वर्ग मोर्चा के उपाध्यक्ष अनूप जायसवाल के नेतृत्व में दोपहर 2 बजे नई सड़क स्थित कोदई चौकी के कैम्प कार्यालय में हिन्दू हृदय सम्राट, राम जन्मभूमि आंदोलन के नायक एवं पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कल्याण सिंह जी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।श्रद्धांजलि सभा की शुरुआत उनके चित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि कल्याण सिंह जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रधर्म और समाजसेवा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने सत्ता की परवाह किए बिना राम मंदिर आंदोलन में कारसेवकों की सुरक्षा को सर्वोपरि माना और मुख्यमंत्री पद का त्याग कर एक अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया। आज अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण उनके त्याग और अटूट संकल्प का प्रत्यक्ष परिणाम है।उपाध्यक्ष अनूप जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि कल्याण सिंह जी की राजनीतिक यात्रा उनकी ईमानदारी, बेदाग छवि और राष्ट्रनिष्ठ सोच की पहचान थी।
उत्तर प्रदेश में अपराध और माफियाओं पर अंकुश लगाने के लिए उनके कार्यकाल में गठित एस.टी.एफ. राज्य की कानून व्यवस्था सुधारने में मील का पत्थर साबित हुई। उनके निर्णय और दूरदृष्टि आज भी पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बने हुए हैं।सभा का संचालन सोमनाथ विश्वकर्मा ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन ओमप्रकाश यादव बाबू ने दिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे जिनमें प्रमुख रूप से सोहनलाल आर्य, गोपाल जायसवाल, शंकर जायसवाल, अखिल वर्मा, कन्हैया लाल सेठ, निर्मल मिश्रा, धर्मचंद केशरी, मंगलेश जायसवाल, धीरेन्द्र शर्मा, मनीष चौरसिया, प्रकाश, संतोष सिंह, राजेश दूबे, त्रिलोकी सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।सभा के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने उनके पदचिन्हों पर चलकर समाज और राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प लिया।