जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा, वाराणसी में एयरपोर्ट विस्तार और नए टर्मिनल भवन निर्माण के काम की प्रगति की समीक्षा करने के लिए बैठक की। बैठक एयरपोर्ट स्थित कक्ष में हुई, जिसमें एयरपोर्ट निदेशक ने पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से अब तक हुए कार्यों की जानकारी दी। बताया गया कि नए टर्मिनल भवन के निर्माण के लिए भूमि साफ़ कर दी गई है और चारदीवारी निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण का काम जारी है।
रनवे विस्तार और एप्रन क्षेत्र के पेड़ काटने का कार्य भी चल रहा है। निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी संबंधित विभागों के बीच समन्वय बनाकर विस्तार कार्यों को शीघ्र पूरा किया जाए। उन्होंने विवादित जमीन के मामलों का त्वरित निपटारा करने और जिन किसानों को मुआवजा नहीं मिला है, उन्हें समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के आदेश दिए ताकि भूमि पर कब्जा आसानी से लिया जा सके। सड़क निर्माण कार्यों के लिए अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया गया। साथ ही विद्युत पोल शिफ्टिंग और ड्रेनेज निर्माण के कार्यों के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। बैठक के बाद जिलाधिकारी ने एयरपोर्ट के विभिन्न स्थानों का स्थलीय निरीक्षण भी किया। इस मौके पर एसडीएम पिंडरा प्रतिभा मिश्रा, अधिशासी अभियंता के. के. सिंह व आशुतोष, एयरपोर्ट निदेशक और अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
