वाराणसी में शुक्रवार को शुरू हुई मूसलधार बारिश ने 125 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। बीते 24 घंटे में 140.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि इससे पहले 9 अक्टूबर 1900 को 138.9 मिमी बारिश हुई थी। बीएचयू स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि यह इस सीजन की दूसरी सबसे भारी वर्षा है। इससे पहले 23 अगस्त को 162 मिमी बारिश दर्ज हुई थी।
लगातार हो रही बारिश से शहर का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। प्रशासन ने हालात को देखते हुए शनिवार को आठवीं तक के सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि शनिवार और रविवार को भी भारी बारिश के आसार बने रहेंगे। शुक्रवार सुबह हल्की बारिश से शुरू हुआ सिलसिला धीरे-धीरे तेज होता गया और दोपहर बाद रुकने का नाम ही नहीं लिया। दोपहर ढाई बजे से रात आठ बजे तक लगातार पानी बरसता रहा। निचले इलाकों के साथ-साथ पॉश कॉलोनियां भी जलभराव की चपेट में आ गईं। बीएचयू के सरसुंदर लाल अस्पताल में तो हालात इतने बिगड़े कि वार्डों में कमर तक पानी भर गया। अस्पताल परिसर और रेजिडेंशियल एरिया में लोग घंटों परेशान रहे। रवींद्रपुरी, भगवानपुर, रोहित नगर, साकेत नगर, ब्रह्मानंद नगर और कबीर नगर समेत कई इलाकों में सड़कें तालाब जैसी हो गईं।

