दीपावली और छठ पर यात्रियों की भीड़: चंडीगढ़-अंबाला होकर चलेंगी दो नई स्पेशल ट्रेनें

दीपावली 21 अक्तूबर और छठ पूजा 27 अक्तूबर पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने चंडीगढ़ और अंबाला होकर दो नई स्पेशल ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। उत्तर प्रदेश और बिहार जाने वाली नियमित ट्रेनों में सीटें पहले से ही फुल हो चुकी हैं, जिसके चलते यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त ट्रेनें चलाई जा रही हैं।पहली ट्रेन गाड़ी संख्या 04514 दौलतपुर चौक–वाराणसी स्पेशल है, जो हर शनिवार को चंडीगढ़ से चलेगी। यह रात 10 बजे चंडीगढ़ से रवाना होकर अगले दिन दोपहर 1:50 बजे वाराणसी पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन हर सोमवार दोपहर 12:45 बजे वाराणसी से चलेगी और मंगलवार सुबह 5:30 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी।

यह ट्रेन पूरी तरह अनारक्षित होगी और टिकट केवल स्टेशन काउंटर से ही खरीदे जा सकेंगे। लगभग 16 घंटे 45 मिनट की इस यात्रा में बड़ी संख्या में यात्री लाभान्वित होंगे। दूसरी विशेष सेवा गाड़ी संख्या 03311/03312 चंडीगढ़–धनबाद गरीब रथ स्पेशल है। यह हर रविवार सुबह 6 बजे चंडीगढ़ से रवाना होगी और अगली मध्यरात्रि 12:45 बजे वाराणसी पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन हर बुधवार और शनिवार सुबह 7:50 बजे वाराणसी से रवाना होकर गुरुवार और रविवार सुबह 4:30 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी। इस ट्रेन में थर्ड और सेकेंड एसी कोच होंगे तथा रेलवे ने इसकी बुकिंग भी शुरू कर दी है। इसके अलावा गाड़ी संख्या 04503/04504 चंडीगढ़–पटना स्पेशल पहले से ही यात्रियों की पहली पसंद बनी हुई है। यह ट्रेन हर वीरवार रात 11:45 बजे चंडीगढ़ से चलती है और अगले दिन शाम 4:35 बजे वाराणसी पहुंचती है। फिलहाल इस ट्रेन की सभी सीटें 30 अक्तूबर तक बुक हो चुकी हैं। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए इन अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन किया गया है, ताकि यात्रियों को किसी तरह की असुविधा न हो और उन्हें समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचने में आसानी मिले।



Post a Comment

Previous Post Next Post