उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाएँ आगामी 18 फरवरी से शुरू हो रही हैं। इसे लेकर जनपद वाराणसी में प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है।जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष जनपद में कुल लगभग 92 हजार परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। परीक्षाओं के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकल-मुक्त आयोजन के लिए जिले भर में कुल 118 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के उद्देश्य से संवेदनशील एवं अति-संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से विशेष निगरानी की जाएगी। इसके साथ ही प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर जोनल मजिस्ट्रेट और स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। प्रशासनिक अधिकारी लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करेंगे।वहीं एडिशनल पुलिस कमिश्नर शिवहरी मीणा ने बताया कि परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी जाएगी ताकि परीक्षाएँ शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराई जा सकें।जिलाधिकारी ने कहा कि यूपी बोर्ड परीक्षाओं को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं, जिससे परीक्षार्थी बिना किसी तनाव के परीक्षा दे सकें।

.jpeg)