श्री गोपाल मंदिर में मुरलीधर महाराज का 122वां प्राकट्य महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सुबह मंगला दर्शन से पूर्व पूज्य महाराज की छवि पर षष्ठपीठाधीश्वर श्री श्याम मनोहर जी महाराज एवं षष्ठपीठ युवराज प्रियेन्दु बावा ने तिलक एवं माल्यार्पण किया।इसके बाद वैष्णवजनों के साथ पूज्य महाराज की छवि को सुखपाल पर विराजित कर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर चौखम्भा, जौहरी बाजार और ग्वालदास साहू लेन होते हुए पुनः मंदिर पहुंची। मार्ग में श्रद्धालुओं ने छवि पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया और भक्ति भाव से जयकारे लगाए। कीर्तन मंडली द्वारा पूरे मार्ग में भजन-कीर्तन प्रस्तुत किए जाते रहे, जिससे वातावरण भक्तिमय बना रहा।
महाराज श्री के जीवन और सिद्धांतों का स्मरण करते हुए बताया गया कि वे श्री वल्लभ सिद्धांत एवं पुष्टिमार्ग के गूढ़ विद्वान थे। उनका जीवन प्रभु सेवा, श्रृंगार-भोग और कीर्तन में समर्पित रहा तथा वे वैष्णवजनों को सदैव प्रभु के प्रति आस्था और समर्पण का संदेश देते थे।इस प्राकट्य महोत्सव का आयोजन श्री मुकुन्द गोपाल सेवा संस्था द्वारा किया गया, जिसमें संस्था के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सक्रिय सहयोग दिया। कार्यक्रम में अरुण पारिख, राजेश अग्रवाल, मीडिया प्रभारी अतुल शाह, गणेश दास सोनावाला, राजू गोढ़ी, मधुसूदन दास सोनावाले सहित अनेक भक्तजन उपस्थित रहे।

