महज 4 वर्ष की बालिका आर्या अग्रवाल अपनी अद्भुत प्रतिभा को लेकर चर्चा का विषय बनी हुई हैं। बताया जा रहा है कि आर्या को 1000 से अधिक संस्कृत श्लोक कंठस्थ हैं, जिन्हें वह शुद्ध उच्चारण के साथ बिना रुके सुना सकती हैं।प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आर्या की इस असाधारण उपलब्धि को साझा किया गया, जिसे सुनकर सभी लोग हैरान रह गए। आर्या, मयंक अग्रवाल की पुत्री हैं। सोशल मीडिया पर उनके श्लोक पाठ के वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं और लोगों द्वारा काफी सराहे जा रहे हैं।
इस प्रतिभा को देखते हुए उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने उन्हें प्रयागराज के सर्किट हाउस में आमंत्रित किया, जहां उन्होंने आर्या के श्लोक सुने और उनकी सराहना करते हुए सम्मानित भी किया।प्रेस वार्ता में वक्ताओं ने कहा कि इतनी कम उम्र में इस स्तर की स्मरण शक्ति और संस्कृत ज्ञान अत्यंत दुर्लभ है। आर्या अग्रवाल की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे समाज के लिए गर्व की बात है और अन्य बच्चों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी है।

