भीषण गर्मी के बीच नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से सतर्क रहने और मानवीय संवेदनाएं बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने खास तौर पर लोगों से बुजुर्गों का हाल-चाल पूछने, पर्याप्त पानी पीने और आसपास के पशु-पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करने को कहा है।प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के कई हिस्सों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है, जिससे लोगों की परेशानियां भी बढ़ रही हैं। ऐसे में जरूरी है कि सभी लोग सावधानी बरतें, शरीर में पानी की कमी न होने दें और घर से बाहर निकलते समय पानी साथ रखें। उन्होंने यह भी कहा कि दूसरों को भी समय-समय पर पानी पीने के लिए प्रेरित करें, क्योंकि आपका छोटा सा प्रयास किसी के लिए बड़ी मदद साबित हो सकता है।
उन्होंने विशेष रूप से पशु-पक्षियों के प्रति संवेदनशीलता दिखाने की अपील करते हुए कहा कि घर, छत, बालकनी, दुकान या ऑफिस के बाहर पानी से भरा बर्तन रखें। इससे भीषण गर्मी में प्यासे जीवों को राहत मिल सकती है।इसके अलावा, प्रधानमंत्री ने लोगों से अपने बुजुर्ग माता-पिता, दादा-दादी और करीबियों का ध्यान रखने को कहा। उन्होंने सलाह दी कि समय मिलते ही उनसे बात करें, उन्हें पर्याप्त पानी पीने की याद दिलाएं और दोपहर की तेज धूप से बचने की हिदायत दें।देश के कई हिस्सों, खासकर उत्तर-पश्चिमी राज्यों में इस समय लू और भीषण गर्मी का असर बना हुआ है। हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार 28 मई के बाद मौसम में बदलाव की संभावना जताई जा रही है।


.jpeg)