वारानसी पुलिस कमिश्नरेट के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सारनाथ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने चैन स्नैचिंग के मामले का खुलासा करते हुए वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से छीनी गई पीली धातु की चैन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।पुलिस के अनुसार, 4 मई 2026 को एक महिला ने थाना सारनाथ में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह सामान लेकर घर लौट रही थी, तभी मोटरसाइकिल सवार अज्ञात बदमाश उसके गले से सोने की चैन छीनकर फरार हो गया। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर थाना सारनाथ पुलिस ने अभियुक्त बबलू जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से पीली धातु की चैन, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 1.40 लाख रुपये बताई जा रही है, तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई।पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट पर मिट्टी का लेप लगाकर पहचान छिपाई थी और हिरामनपुर रेलवे क्रासिंग के पास महिला से चैन छीनकर फरार हो गया था। आरोपी चैन को बेचने की फिराक में था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया।फिलहाल थाना सारनाथ पुलिस आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।

