समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के खिलाफ रामनगर स्थित PAC तिराहे पर लगाए गए आपत्तिजनक पोस्टर को लेकर सपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने इसे भाजपा समर्थित तत्वों की साजिश बताते हुए सामाजिक न्याय की आवाज को दबाने का प्रयास करार दिया।सूचना मिलने पर महानगर अध्यक्ष पिछड़ा प्रकोष्ठ विवेक, महिला सभा महानगर अध्यक्ष संगीता पटेल और लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी सौरभ आनंद के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। रामनगर पुलिस की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं ने पोस्टर हटाकर फाड़ दिया और जमकर नारेबाजी की।
सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार PDA की एकता और अखिलेश यादव की बढ़ती लोकप्रियता से घबराई हुई है। उन्होंने कहा कि पहले स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर जनता पर आर्थिक बोझ डालने का प्रयास किया गया और अब इस तरह की हरकतों से विपक्ष की छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है।इसके बाद कार्यकर्ताओं ने थाना प्रभारी राजकिशोर पांडे को पत्रक सौंपकर दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की। सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी बड़ा आंदोलन करेगी।प्रदर्शन में मणिशंकर, इंजामुल खान, हमजा खान, मनीष यादव, उमेश यादव समेत कई सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

