कचहरी चौराहे पर सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत रविवार को की गई ध्वस्तीकरण कार्रवाई के दौरान एक नवनिर्मित रेस्टोरेंट का हिस्सा बुलडोजर से तोड़ दिया गया। खास बात यह रही कि रेस्टोरेंट का उद्घाटन कुछ ही घंटों बाद होने वाला था, लेकिन उससे पहले ही कार्रवाई होने से संचालक को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।पीड़ित पक्ष का आरोप है कि लोक निर्माण विभाग (PWD) की लापरवाही के कारण यह नुकसान हुआ है। उनका कहना है कि रेस्टोरेंट के निर्माण पर लाखों रुपये खर्च किए गए थे और उद्घाटन की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। अचानक हुई ध्वस्तीकरण कार्रवाई से उनका पूरा निवेश प्रभावित हो गया।
जानकारी के अनुसार कचहरी से संदहा चौराहे तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य प्रस्तावित है, जिसके तहत अतिक्रमण और सड़क सीमा में आने वाले निर्माणों को हटाया जा रहा है। इसी क्रम में कचहरी चौराहे पर यह कार्रवाई की गई।घटना के बाद मौके पर पहुंचे अधिकारियों से रेस्टोरेंट संचालकों ने विरोध दर्ज कराया। पीड़ितों का दावा है कि विभागीय अधिकारियों ने नुकसान का आकलन कर उचित हर्जाना देने का आश्वासन दिया है।उधर, ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई और मामले को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। फिलहाल सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत कार्रवाई जारी है। मामला कैंट थाना क्षेत्र के कचहरी चौराहे का है।


