अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर पुलिस लाइन में हुआ सामूहिक योगाभ्यास, पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने दिया स्वस्थ जीवन का संदेश

12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को पुलिस लाइन कमिश्नरेट वाराणसी में भव्य सामूहिक योग सत्र का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम "Yoga For Health Ageing" तथा संदेश "हमारी संस्कृति, हमारा योग, हमारा गौरव" के अनुरूप आयोजित कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के नेतृत्व में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, पुलिसकर्मियों एवं अन्य कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास किया।कार्यक्रम का शुभारंभ ओम् ध्वनि और सूर्य नमस्कार के साथ हुआ। इसके बाद योग प्रशिक्षक ने उपस्थित प्रतिभागियों को सूर्य नमस्कार, भ्रामरी प्राणायाम, शीतली प्राणायाम, अनुलोम-विलोम, पद्मासन, सर्वांगासन सहित विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। योग सत्र में बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने सहभागिता कर स्वस्थ जीवन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।

इस अवसर पर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कहा कि योग भारत की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत और स्वस्थ जीवन का आधार है। उन्होंने कहा कि "Yoga For Health Ageing" की भावना के अनुरूप प्रत्येक व्यक्ति को योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। नियमित योग न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को मजबूत बनाता है, बल्कि अनुशासित, सकारात्मक और सशक्त समाज के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।पुलिस आयुक्त ने सभी अधिकारियों एवं जवानों से नियमित योग करने तथा अपने परिवार और समाज को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि योग के माध्यम से स्वस्थ, जागरूक और अनुशासित समाज की स्थापना का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।योग दिवस के अवसर पर आयोजित यह सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम पुलिस बल के बीच स्वास्थ्य, फिटनेस और सकारात्मक जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने का सशक्त माध्यम बना।




Post a Comment

Previous Post Next Post