अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर योगमय हुआ बरेका, हजारों लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के अवसर पर बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) परिसर रविवार को पूरी तरह योगमय नजर आया। महाप्रबंधक आशुतोष पंत के मार्गदर्शन में बरेका के विभिन्न परिसरों में भव्य योग शिविरों का आयोजन किया गया, जिसमें अधिकारियों, कर्मचारियों, प्रशिक्षुओं, उनके परिजनों तथा स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।अधिकारी क्लब में आयोजित मुख्य योग शिविर का शुभारंभ प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लालजी चौधरी द्वारा महाप्रबंधक आशुतोष पंत को पौधा भेंट कर सम्मानित किए जाने के साथ हुआ। इसके बाद महाप्रबंधक ने योग गुरु संजय कुमार शर्मा को पौधा एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम की शुरुआत "वंदे मातरम्" के सामूहिक गायन से हुई, जिसके बाद प्रतिभागियों ने प्रधानमंत्री के अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस संदेश का सजीव प्रसारण देखा।

योग गुरु संजय कुमार शर्मा के निर्देशन में महाप्रबंधक आशुतोष पंत, वरिष्ठ अधिकारियों, विभागाध्यक्षों और उनके परिवारजनों सहित बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। योगाभ्यास के उपरांत महाप्रबंधक ने योग गुरु को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।इसी क्रम में प्राविधिक प्रशिक्षण केंद्र में प्राचार्य सुभाष चंद्र यादव के नेतृत्व एवं योग गुरु डॉ. आनंद कुमार कर्ण के मार्गदर्शन में आयोजित योग शिविर में प्रशिक्षुओं, प्रशिक्षकों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वहीं कर्मचारी क्लब में वरिष्ठ तकनीशियन (विद्युत) एवं योग प्रशिक्षक सरोज कुमार सिंह के निर्देशन में आयोजित योग सत्र में कर्मचारियों और उनके परिजनों ने योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।बरेका के विभिन्न परिसरों में आयोजित योग शिविरों में व्यापक जनसहभागिता देखने को मिली। प्रतिभागियों ने योग को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन का माध्यम बताते हुए "स्वस्थ भारत, समृद्ध भारत" के संकल्प को मजबूत करने का संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन उप मुख्य कार्मिक अधिकारी (मुख्यालय) समीर पॉल ने किया।योग दिवस के अवसर पर बरेका परिवार ने उत्साह, अनुशासन और सामूहिक सहभागिता के साथ स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संदेश देते हुए योग के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया।




Post a Comment

Previous Post Next Post