मिर्गी रोग चिकित्सा शिविर में 165 मरीजों को मिली निःशुल्क आयुर्वेदिक एवं फकीरी दवा

पड़ाव स्थित अघोर पीठ, श्री सर्वेश्वरी समूह संस्थान देवस्थानम् एवं अवधूत भगवान राम कुष्ठ सेवा आश्रम में निःशुल्क मिर्गी रोग चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 165 मिर्गी रोग से पीड़ित मरीजों का उपचार किया गया, जिनमें 10 बच्चे भी शामिल थे।आश्रम के वैद्य रंजीत कुमार ने वयस्क मरीजों को सूर्योदय से पूर्व तथा बच्चों को सूर्योदय के बाद आयुर्वेदिक एवं फकीरी दवा वितरित की। इस दौरान मरीजों को नशे से दूर रहने, आवश्यक परहेज करने तथा संतुलित एवं पौष्टिक खान-पान अपनाने की सलाह भी दी गई।शिविर में उपचार प्राप्त करने के लिए अधिकांश मरीज अपने परिजनों के साथ दो दिन पूर्व से ही आश्रम पहुंचने लगे थे, जबकि कई स्थानीय मरीज रविवार की भोर में आश्रम पहुंचकर दवा प्राप्त किए। संस्था की ओर से मरीजों एवं उनके सहयोगियों के लिए निःशुल्क भोजन और आवास की व्यवस्था की गई थी।आयोजकों के अनुसार उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों के अलावा बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, हरियाणा, दिल्ली और कर्नाटक सहित देश के कई राज्यों से बड़ी संख्या में मरीज उपचार हेतु पहुंचे थे।

शिविर के सफल संचालन में श्री सर्वेश्वरी समूह के व्यवस्थापक हरिहर यादव, राजीव सिंह ‘रानू’, अदलपुर शाखा के गोपाल पाण्डेय, वैद्य रंजीत कुमार के सहयोगी धर्मेन्द्र सिंह तथा अन्य सर्वेश्वरी सैनिकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।उल्लेखनीय है कि विश्ववंद्य संत अघोरेश्वर बाबा भगवान राम द्वारा स्थापित श्री सर्वेश्वरी समूह, बाबा भगवान राम ट्रस्ट एवं अघोर परिषद् ट्रस्ट, पूज्यपाद बाबा औघड़ गुरुपद संभव राम के सान्निध्य एवं अध्यक्षता में कुष्ठ रोगियों, पीड़ितों, उपेक्षितों एवं जरूरतमंदों की सेवा के लिए निरंतर विभिन्न लोककल्याणकारी कार्यक्रम संचालित कर रहे हैं। संस्था मिर्गी रोग के उन्मूलन के लिए भी लगातार प्रयासरत है।


Post a Comment

Previous Post Next Post