राज्य स्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का हुआ उत्साहवर्धन, मुख्य अतिथि का स्मृति चिन्ह देकर सम्मान

लोहता क्षेत्र के केराकतपुर स्थित वाराणसी पब्लिक स्कूल में उत्तर प्रदेश खेल एवं शिक्षा परिषद् एवं वाराणसी पब्लिक स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिता-2026 का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधान परिषद सदस्य पद के प्रत्याशी पंकज सिंह 'डब्लू' उपस्थित रहे। आयोजन समिति द्वारा उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत एवं सम्मानित किया गया। इसके बाद मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन किया।

अपने संबोधन में पंकज सिंह 'डब्लू' ने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना को विकसित करने का महत्वपूर्ण साधन भी है। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ-साथ उन्हें चुनौतियों का सामना करने की क्षमता भी प्रदान करता है। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरी लगन और खेल भावना के साथ प्रतिस्पर्धा में भाग लेने तथा प्रदेश और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। दर्शकों और खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। आयोजन में मौजूद अतिथियों ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती हैं और युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करती हैं।मुख्य अतिथि ने सफल आयोजन के लिए उत्तर प्रदेश खेल एवं शिक्षा परिषद् तथा विद्यालय प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि खेलों को बढ़ावा देने के लिए इस प्रकार के आयोजनों का नियमित रूप से होना आवश्यक है। कार्यक्रम के अंत में खिलाड़ियों एवं आयोजकों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। प्रतियोगिता का आयोजन खेल भावना, अनुशासन और उत्साह के माहौल में संपन्न हुआ।


Post a Comment

Previous Post Next Post